बस्ती , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती मंडल के तीनों जिलों बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर में शनिवार को हुई भारी बारिश से फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है।

मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में अगले दो दिनों तक हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिससे किसानों की चिंताएं और बढ़ गई हैं। बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाओं ने तापमान में भी गिरावट दर्ज कराई है।

बारिश का सबसे ज्यादा असर गेहूं, सरसों, आम, धनिया, टमाटर और साग की फसलों पर पड़ा है। कई किसानों ने सरसों की कटाई कर उसे सुखाने के लिए खेतों में रखा था, लेकिन बारिश के कारण फसल भीग गई, जिससे दाने अलग करने में दिक्कत होगी। वहीं गेहूं की फसल पकने की स्थिति में है, लेकिन बारिश के चलते समय पर कटाई न होने से नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

आम के बागानों में तेज हवा के कारण बौर और छोटे फल झड़ गए हैं। यदि मौसम का यही रुख बना रहा तो आम की फसल को और अधिक क्षति हो सकती है।

वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि ठंड-गर्मी के उतार-चढ़ाव से बुखार और जुकाम जैसी बीमारियों की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित