लखनऊ/बस्ती , अगस्त 6 -- उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने गुरुवार को बस्ती मंडल की प्रस्तावित एवं संचालित पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, विरासत संरक्षण तथा पर्यटक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास का लाभ स्थानीय लोगों और पर्यटकों, दोनों तक प्रभावी रूप से पहुंचना चाहिए।

समीक्षा बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 पर्यटन परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें बस्ती जिले की सात, संत कबीर नगर की छह तथा सिद्धार्थनगर की तीन परियोजनाएं शामिल हैं। इनका उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का समग्र विकास कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

बस्ती जिले में नकटेश्वरनाथ धाम, शत्रुहंता हनुमान मंदिर, झारखंडेश्वर नाथ मंदिर, रामेश्वरनाथ शिव मंदिर, गौरैया मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के प्रस्तावों की समीक्षा की गई। अधिकारियों का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।

संत कबीर नगर की छह परियोजनाओं में दंडी स्वामी की तपस्थली, राम जानकी मंदिर, संत कबीर की ध्यानस्थली पर इंटरप्रिटेशन हॉल एवं दीर्घाओं का निर्माण, समया माता मंदिर तथा सिद्धनाथ गोरेश्वरनाथ मंदिर के विकास से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य जिले की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करते हुए श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करना है।

सिद्धार्थनगर जनपद में प्राचीन सती माता मंदिर, श्री राम जानकी मंदिर तथा शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास से संबंधित तीन परियोजनाओं पर विचार किया गया। इन योजनाओं के माध्यम से धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

बैठक में संस्कृति विभाग की ओर से संत कबीर नगर में वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध के शहीद वीर सैनिकों की स्मृति में शहीद स्मारक विकसित करने के प्रस्ताव की भी समीक्षा की गई। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास का संरक्षण, नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास तथा सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करना है।

धर्मार्थ कार्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान सिद्धार्थनगर में 25 मंदिरों और 34 प्राचीन कुओं के सौंदर्यीकरण, संत कबीर नगर के हनुमान मंदिर एवं शिव मंदिर में सुविधाओं के विस्तार तथा बस्ती स्थित मखौड़ा धाम परिसर के विकास और मखौड़ा धाम से अयोध्या धाम तक प्रस्तावित 'श्री राम अवतरण कॉरिडोर' से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।

अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए प्रत्येक परियोजना के शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रम में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि यह समीक्षा प्रदेश के सभी 18 मंडलों में पर्यटन विकास की व्यापक कार्ययोजना का हिस्सा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित