बैतूल , अप्रैल 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में भारतीय जनता पार्टी के "बस्ती चलो गांव अभियान" के तहत पार्टी की सक्रियता लगातार बढ़ती नजर आ रही है। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल रविवार को आदिवासी विकासखंड भीमपुर के खाटापानी गांव पहुंचे, जहां उनके दौरे को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।
खाटापानी गांव में उनके आगमन पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वेशभूषा के साथ उनका अभिनंदन किया। गांव के प्रवेश द्वार से लेकर कार्यक्रम स्थल तक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिसमें महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय की भागीदारी रही।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और अपेक्षाएं सुनीं। उन्होंने कहा कि "बस्ती चलो गांव अभियान" केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने अपने संबोधन में आदिवासी क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही आदिवासी समाज की परंपराओं और संस्कृति को देश की धरोहर बताते हुए उनके संरक्षण और सशक्तिकरण पर जोर दिया।
भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थित खाटापानी गांव जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर है, इसके बावजूद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की मजबूत पकड़ को दर्शाया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान क्षेत्र के विकास और संगठन विस्तार को लेकर भी चर्चा की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित