जगदलपुर , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कातीगुड़ा बांध के गेट खोले जाने के बाद इंद्रावती नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है, जिससे नदी किनारे के क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
बस्तर संभाग के सातों जिलों बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर में बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर नदी-नाले उफान की ओर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने लगी है।
कातीगुड़ा बांध से पानी छोड़े जाने के बाद इंद्रावती नदी के जलस्तर में और वृद्धि की आशंका को देखते हुए बस्तर, दंतेवाड़ा और बीजापुर में नदी किनारे बसे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। दक्षिण बस्तर के सुकमा और बीजापुर में भी लगातार बारिश के कारण नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका बनी हुई है।
मौसम विभाग ने बस्तर क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित