जगदलपुर , जुलाई 30 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बीजापुर, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और कांकेर जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों का सड़क संपर्क टूट गया है, छोटे पुल-पुलियों के ऊपर पानी बह रहा है और कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं और संवेदनशील इलाकों में टीमें अलर्ट पर हैं।
बीजापुर जिले में बारिश का सबसे अधिक असर देखने को मिल रहा है। कई नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों का संपर्क प्रभावित हुआ है। खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। इसी बीच ग्राम रेड्डी में नगरसेना की टीम ने उफनते जलमार्ग के बीच से एक महिला और उसकी बीमार बच्ची को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में बुधवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। थाना धौड़ाई क्षेत्र से लौट रही पुलिस विभाग की बोलेरो ब्रेहबेड़ा नाले के तेज बहाव में फंस गई। वाहन में चालक सहित दो अधिकारी मौजूद थे। चालक ने पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई, जबकि दोनों अधिकारियों को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस और बचाव दल ने देर रात तक अभियान चलाकर वाहन को बाहर निकालने का प्रयास किया।
वहीं नारायणपुर के ग्राम चिकपाल में बाढ़ के पानी से घिरे 16 ग्रामीणों को जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी की 45वीं वाहिनी कड़ेनार और जिला बाढ़ बचाव टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें 7 बच्चे, 3 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल थे। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में सभी ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
जगदलपुर शहर में भी बारिश का व्यापक असर रहा। सिविल लाइन स्थित पुलिस पेट्रोल पंप के सामने विशाल पेड़ गिरने से एक कार और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार व्यक्ति घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। देउरगांव स्थित हेलो बस्तर रिसॉर्ट के सामने पेड़ गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ, जबकि दरभा घाट में भी वाहनों की लंबी कतार लग गई।
शहर के दलपत सागर वार्ड, सन सिटी कॉलोनी समेत कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई सड़कें पानी में डूब गईं। सन सिटी कॉलोनी में जलभराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें सड़कों पर पानी में मछलियां तैरती दिखाई दे रही हैं।
बीजापुर जिले में खेत में हल चला रहे किसान पर पेड़ गिरने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं कोंडागांव नगर पालिका क्षेत्र में कोपाबेड़ा जलाशय की निर्माणाधीन केनाल में डूबने से एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया है। बताया गया कि इसी निर्माण स्थल पर एक साल पहले भी एक बालिका की डूबने से मौत हो चुकी है।
लगातार बारिश के बीच बस्तर जिले में नारंगी नदी भी उफान पर है। नदी में बहकर आ रही लकड़ियों को निकालने के लिए ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर तेज बहाव के बीच उतर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी में उतरने से बचने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित