जगदलपुर , अप्रैल 17 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-4) के तहत 86 सड़कों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 235.45 किलोमीटर है और इन पर लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री साय ने जशपुर से आभासी माध्यम से विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और शुभारंभ किया, जिसका सीधा प्रसारण जगदलपुर के कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय के सभागार में किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में सड़कों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि ये सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने का माध्यम बनेंगी। जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि सड़क नेटवर्क के विस्तार से बस्तर में विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार का लक्ष्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी और नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन ने भी विचार व्यक्त किये।

इन परियोजनाओं से लोहंडीगुड़ा, दरभा, बास्तानार और तोकापाल जैसे क्षेत्रों में वर्षों पुरानी आवागमन की समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में कलेक्टर आकाश छिकारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे। अंत में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित