बस्तर , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बुधवार को 108 नक्सलियों के आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वाले इन नक्सलियों ने पुलिस को 101 हथियार सौंपे हैं, जिनमें सात एके-47 राइफलें शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने इन नक्सलियों के पास से तीन करोड़ 60 लाख रुपए नगद और एक किलो सोना भी बरामद किया है।

उल्लेखनीय है कि आत्मसमर्पण करने वाले इन नक्सलियों पर कुल तीन करोड़ 95 लाख रुपयों का ईनाम घोषित था। नक्सलियों ने बीजीएल, इंसास राइफल और एसएलआर राइफल जैसे भारी हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया है।

राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने आज राजधानी रायपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि नक्सलियों के 30 एरिया कमेटी में से 26 लगभग समाप्त हो चुकी हैं और केवल चार एरिया कमेटी के नक्सली ही अब सक्रिय हैं, जिन्हें जल्द ही मुख्यधारा में लाया जाएगा। गृहमंत्री के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में बीजापुर जिले के 34, नारायणपुर जिले के चार, बस्तर जिले के 16, कांकेर जिले के तीन, सुकमा जिले के 18 और दंतेवाड़ा जिले के 30 नक्सली शामिल हैं।

श्री शर्मा ने बताया कि बस्तर रेंज पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज और नक्सल प्रभावित जिलों के पुलिस अधीक्षक के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए थे। इन नंबरों पर नक्सली खुद संपर्क कर सकते थे। इस पहल के तहत कई नक्सलियों ने समाज के प्रमुख लोगों और पत्रकारों के माध्यम से भी आत्मसमर्पण करने की इच्छा जताई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित