रायपुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में नक्सलवाद का प्रभाव कम होने के साथ ही दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कार्य तेज किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बस्तर जिले के जगदलपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़े बोदल में करीब 1.92 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य शनिवार को शुरू हो गया।

आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-4) के तहत जगदलपुर विकासखंड में कुल नौ सड़कों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इन सड़कों की कुल लंबाई 33.39 किलोमीटर है। स्वीकृत परियोजनाओं में सुरनदवाड़ा रोड से बड़े बोदल तक प्रस्तावित एल-139 मार्ग भी शामिल है, जिसकी लंबाई 1.80 किलोमीटर और स्वीकृत लागत 192.06 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

मौसम अनुकूल होने के बाद शनिवार को निर्माण स्थल पर मशीनरी तैनात कर सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। इस मार्ग के बनने से बड़े बोदल सहित आसपास की दूरस्थ ग्रामीण बसाहटों को बारहमासी आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित