जगदलपुर , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से 'बिटियाएटवर्क' अभियान आयोजित किया गया। प्रशासन से आज मिली जानकारी के अनुसार इस आयोजन के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलोरी की 85 छात्राओं ने विभिन्न शासकीय कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण किया।
जिला कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में निर्णय लेने की क्षमता, लैंगिक समानता के प्रति समझ और आत्मविश्वास बढ़ाना था। इसके साथ ही उन्हें जनसेवा, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विभिन्न विभागीय योजनाओं की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने सखी वन स्टॉप सेंटर सहित ग्रामीण एवं शहरी एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालयों का अवलोकन किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें कार्यालयीन दायित्वों, कानूनी प्रावधानों, साइबर सुरक्षा तथा किशोरियों और महिलाओं के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। छात्राओं को मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र की भूमिका से भी अवगत कराया गया।
इस दौरान अधिकारियों ने छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा भविष्य में प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्रों में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित