रायपुर , अप्रैल 22 -- ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रस्तावित बस्तर दौरा अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है।

श्री साय अपने दौरे के दौरान सचिन तेंदुलकर के साथ एक संयुक्त कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे, लेकिन मंगलवार शाम को ही इस दौरे को टालने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बदलाव का असर सचिन के दौरे पर भी पड़ा है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें गीदम ब्लॉक के जांवगा और पनेड़ा सहित कई स्थानों पर आयोजित आयोजनों में भाग लेना था, लेकिन अब उनका दौरा सीमित कर केवल छिंदनार गांव तक कर दिया गया है।

गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से क्षेत्र में मौसम खराब है। तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि के कारण कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। साथ ही सुरक्षा कारणों को भी एक अहम वजह माना जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इस बीच, इंद्रावती नदी के किनारे बसे छिंदनार गांव में सचिन के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।

उल्लेखनीय है कि सचिन तेंदुलकर की पहल पर गीदम ब्लॉक के 25 स्कूलों और आश्रमों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मैदान विकसित किए गए हैं। इनमें छिंदनार, कासोली, कोरलापाल, हितामेटा, गुमड़ा, कारली, बांगापाल सहित कई स्थानों के स्कूल और पोटाकेबिन शामिल हैं।

फाउंडेशन द्वारा न केवल खेल मैदानों का विकास किया जा रहा है, बल्कि शिक्षकों को सीमित संसाधनों में भी खेल सुविधाएं विकसित करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि स्कूल स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित