जगदलपुर , मई 29 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर संभाग के सात जिलों में सहकारिता विभाग की गतिविधियों की समीक्षा के लिए कोण्डागांव सर्किट हाउस में शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहकारिता आयुक्त एवं पंजीयक सहकारी समितियां महादेव कावरे ने की।
बैठक में किसानों को खाद-बीज वितरण तथा ऋण वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई। लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं होने पर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान धान उपार्जन केन्द्रों में शेष धान के अंतिम निराकरण और उठाव की स्थिति पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने जिला विपणन अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जित धान के परिवहन एवं भंडारण की प्रगति नियमित रूप से टीएल बैठक में कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की जाए, ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके।
बैठक में प्रदेश सरकार की गोदाम निर्माण योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि बस्तर संभाग में 15 नए गोदाम स्वीकृत किए गए हैं। आयुक्त ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के साथ समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही कोण्डागांव जिले की छिनारी समिति में वर्ष 2022-23 से स्वीकृत निर्माणाधीन गोदाम को जल्द पूर्ण करने पर जोर दिया।
'सहकार से समृद्धि' योजना के अंतर्गत पैक्स कम्प्यूटरीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने माईक्रो एटीएम के उपयोग को बढ़ावा देने, एटीएम कार्ड वितरण में तेजी लाने तथा सीएससी लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से संचालित जनहितकारी सेवाओं को समिति स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने समितियों के सभी सदस्यों और धान विक्रय करने वाले किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने तथा ऋण वितरण बढ़ाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त पंजीयक बिनोद कुमार बुनकर, बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुंवर सिंह ध्रुव, उपायुक्त एवं उप पंजीयक, सहायक आयुक्त, सहायक पंजीयक तथा सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित