जगदलपुर , मार्च 14 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
जिला शिक्षा विभाग और ओपन लिंक्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उन शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी नवाचारी पहलों से बस्तर की शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव किया है।
जिला पीआरओ से आज को मिली जानकारी के अनुसार,समारोह के दौरान जिले के 14 चुनिंदा शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए 'बोलेगा बचपन' पुरस्कार एवं सम्मान से नवाजा गया। यह पुरस्कार ओपन लिंक्स फाउंडेशन के 'आचार्य विनोबा भावे सहायक शिक्षक कार्यक्रम' की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके अंतर्गत 'पोस्ट ऑफ द मंथ' जैसी पहलों के माध्यम से उन शिक्षकों को पहचान दी जा रही है जो बच्चों के भाषा कौशल, कविता पाठ और स्पोकन इंग्लिश जैसी गतिविधियों में सुधार के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
सम्मानित होने वाले शिक्षकों में वैशाली त्यागी, गीता सिन्हा, पूर्णिमा मांडवी, अपर्णा पॉल, संगीता शोरी, रिंकी नेताम, उपासना साहू, रीना साहू, किरण तिवारी, थलेश गंजीर, कामेश्वरी कश्यप, खिरमनी तिवारी, ऋतु राजवाड़े और नोगेश्वर कुमार साहू शामिल हैं। इन सभी शिक्षकों ने अपने-अपने विद्यालयों में पारंपरिक शिक्षण पद्धतियों से हटकर अभिनव प्रयोग किए और विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।
कार्यक्रम में उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल और जिला मिशन समन्वयक अशोक पांडे ने शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षक ही समाज की मजबूत नींव हैं। उनके समर्पण से ही बच्चों का भविष्य सशक्त बनता है। शिक्षा विभाग और सामाजिक संगठनों का यह समन्वय बस्तर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई दिशा दे रहा है।
कार्यक्रम में एपीसी परमेश्वर पांडे और बीआरसी बस्तर अजम्भर कोर्राम सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी और फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। समारोह का समापन सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देने और भविष्य में भी शिक्षा सुधार के संकल्प को दोहराने के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने वाला साबित हुआ, बल्कि इसने बस्तर में नवाचारी शिक्षा के प्रति एक नया उत्साह भी पैदा किया है। उल्लेखनीय है कि यह पूरा अभियान कलेक्टर आकाश छिकारा के नेतृत्व और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित