जगदलपुर , अगस्त 08 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में 'हर घर तिरंगा' अभियान और राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर नौ से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत जिला कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत स्तर से जिला मुख्यालय तक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी।

जिले में सात से 15 अगस्त तक 'वंदे मातरम' विशेष कार्यक्रम तथा नौ से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्रा, बाइक रैली और साइकिल रैली निकाली जाएगी। इन आयोजनों की शुरुआत सामूहिक 'वंदे मातरम' गायन से होगी।

रैलियों में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, स्व-सहायता समूहों, पुलिस बल, एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स की भागीदारी रहेगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा मैराथन का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर 'वंदे मातरम' थीम पर विशाल तिरंगा रंगोलियां बनाई जाएंगी और 'तिरंगा कैनवास' लगाए जाएंगे, जहां नागरिक 'जय हिंद' और 'हर घर तिरंगा' जैसे संदेश लिख सकेंगे।

स्थानीय कारीगरों और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए तिरंगा मेलों का आयोजन भी किया जाएगा। इनमें झंडे, वस्त्र और हस्तशिल्प के स्टॉल लगाए जाएंगे। डिजिटल माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ने के लिए तिरंगा सेल्फी पॉइंट भी बनाए जाएंगे, जहां नागरिक अपनी तस्वीरें 'हर घर तिरंगा' के आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान सफेद फूलों और सफेद रंग से स्थलों की सजावट, दो मिनट का मौन और शाम को मौन कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा। शैक्षणिक संस्थानों में विभाजन की त्रासदी पर आधारित प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

कलेक्टर श्री छिकारा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित करने की अपील करते हुए जिलेवासियों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों में तिरंगा फहराने तथा 'हर घर तिरंगा' अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित