रायपुर, 15 जून 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बस्तर संभाग में सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों में देरी तथा संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर कड़ा रुख अपनाते हुए दो ठेकेदारों का पंजीयन दो वर्षों के लिए निरस्त कर दिये। विभाग ने आठ अन्य ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जबकि दो ठेकेदारों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई के लिए मुख्य अभियंता से प्रतिवेदन मांगा गया है।
पीडब्ल्यूडी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव द्वारा हाल ही में बस्तर प्रवास के दौरान निर्माण कार्यों की समीक्षा में जताई गई नाराजगी के बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने सड़कों और पुलों के निर्माण में लापरवाही तथा अनुबंधित समय-सीमा के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर जिम्मेदार ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
विभाग के प्रमुख अभियंता ने चार पुल निर्माण कार्यों में लगातार धीमी प्रगति पाए जाने पर मेसर्स गुप्ता कन्सट्रक्शन कंपनी का पंजीयन दो वर्षों के लिए निरस्त कर दिया है। कंपनी कोंडागांव जिले में भवरडींग नदी पर अदनार-तोतर मार्ग, घोटिया-मुंडा-चांदाबेड़ा मार्ग, पलना-मरीगांव-कुंडई मार्ग तथा कबीरधाम जिले में बांटीपथरा से कुई (दमगढ़) मार्ग में हॉफ नदी पर उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण कर रही है।
इसी प्रकार कांकेर जिले में आमाबेड़ा-सेमर गांव सड़क पर नेरूल नदी तथा बोड़ागांव-खासगांव-तरादुल मार्ग में डुमरीकेल नाला पर उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण में देरी के कारण ठेकेदार निर्भय राम साहू का पंजीयन भी दो वर्षों के लिए निरस्त कर दिया गया है।
विभाग ने नारायणपुर-सोनपुर-मरोदा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुधार कार्य में धीमी प्रगति के मामले में ठेकेदार पंकज हालदार तथा सुकमा जिले में पैकपारा-धनीकोड़ता मार्ग एवं केरलापाल-पटेलपारा-सिरसट्टी सड़क निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर ठेकेदार आशीष भदौरिया के विरुद्ध कार्रवाई के लिए मुख्य अभियंता से प्रतिवेदन मांगा है।
सड़क निर्माण कार्यों में देरी को लेकर कांकेर-अमोड़ा-नरहरपुर मार्ग के ठेकेदार मेसर्स बी.एम.एस. प्रोजेक्ट, हडेली-कुदूर मार्ग के ठेकेदार मेसर्स सुराना एंड कंपनी तथा जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग के ठेकेदार मेसर्स एस.के. अरोरा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा चिंतलनार-मरियागुड़म सड़क के ठेकेदार के. मोहन रेड्डी, ट्रांससॉफ्ट इन्फ्रा एवं मेसर्स राघव कन्सट्रक्शन, कोंटा-गोलापल्ली मार्ग के ठेकेदार मेसर्स बालाजी इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं मेसर्स राघव कन्सट्रक्शन तथा भेज्जी-चिंतागुफा सड़क का निर्माण कर रहे के. मोहन रेड्डी एवं गोविन्द्र सिंह देशमुख को भी नोटिस जारी किया गया है।
इससे पहले 10 जून को राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशलूर-जगदलपुर मार्ग में किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलवे लाइन के ऊपर निर्माणाधीन फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज की प्रगति स्वीकृत निर्माण कार्यक्रम और निर्धारित मील के पत्थर की तुलना में पिछड़े पाए जाने पर ठेकेदार मेसर्स अशोक कुमार मित्तल को भी नोटिस जारी कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित