जगदलपुर , मार्च 03 -- होली के पावन पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के शीर्ष नेतृत्व ने बस्तर संभाग के विभिन्न सुदूरवर्ती सुरक्षा कैंपों का दौरा किया और वहां तैनात जवानों का हौसला बढ़ाया।

महानिदेशक सीआरपीएफ जी.पी. सिंह और पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ अरुण देव गौतम ने आज करनपुर स्थित कैंप में जाकर कमांडो जवानों से मुलाकात की और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों में जवानों की बहादुरी और समर्पण की सराहना की।

बस्तर रेंज कार्यालय से आज मिली जानकारी के अनुसार,इससे पूर्व सोमवार की रात को पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम रेखाघाटी सीएपीएफ बेस कैंप पहुंचे और जवानों के साथ संवाद किया। उन्होंने दुर्गम क्षेत्रों में तैनात जवानों को मिठाइयां बांटकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। इसके बाद उन्होंने भटापाल एसटीएफ हब और बारसूर सीआरपीएफ कैंप का भी दौरा किया। वहां उन्होंने डीआरजी, एसटीएफ, सीएपीएफ और सीएएफ के जवानों से चर्चा करते हुए कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में उनके अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम किया।

नेतृत्व के इस दौरे में कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। इनमें अतिरिक्त महानिदेशक बीएसएफ त्सेवांग नामग्याल, अतिरिक्त महानिदेशक सीआरपीएफ अमित कुमार, अतिरिक्त महानिदेशक (पुलिस मुख्यालय) विवेकानंद, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टिलिंगम, महानिरीक्षक सीआरपीएफ शालिन, महानिरीक्षक बीएसएफ संजय पंत, उप महानिरीक्षक आईटीबीपी संजीव रोल्बा, पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ सिन्हा, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राकेचा, पुलिस अधीक्षक बीजापुर जितेंद्र यादव, पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा गौरव राय, पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा, पुलिस अधीक्षक सुकमा किरण चव्हाण और पुलिस अधीक्षक नारायणपुर रॉबिन्सन शामिल हैं।

यह दौरा राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों के बीच मजबूत समन्वय और वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ संयुक्त प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। नेतृत्व ने उन सभी जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया जो त्योहारों के दौरान भी परिवार से दूर रहकर बस्तर की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।

पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा, "बस्तर की धरती पर यह होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि साहस, समर्पण और संकल्प का प्रतीक है। दुर्गम क्षेत्रों में तैनात हमारे वीर जवान परिवारों से दूर रहकर जिस निष्ठा से उग्रवाद के विरुद्ध अभियान चला रहे हैं, वह प्रेरणास्रोत है। हमें पूरा विश्वास है कि राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों के संयुक्त प्रयासों से बस्तर शीघ्र ही वामपंथी उग्रवाद से मुक्त होकर शांति और विकास के पथ पर अग्रसर होगा।" उन्होंने इस पावन अवसर पर क्षेत्र की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित