जगदलपुर , मई 29 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में गुरुवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने व्यापक तबाही मचाई, जिससे कई मकानों की छतें उड़ गईं और विद्युत व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई। तूफान के बाद अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कल शाम को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ आए तूफान ने बस्तर के विभिन्न इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कई स्थानों पर एडबेस्टर और टीन शेड वाले मकानों की छतें उड़ गईं, जबकि पेड़ और बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

तूफान के कारण जगह-जगह विद्युत पोल और केबल टूटकर गिर गए, जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शहरी क्षेत्रों में विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारियों ने रातभर मरम्मत कार्य कर आज तड़के तीन बजे तक अधिकांश स्थानों पर बिजली व्यवस्था बहाल कर दी। हालांकि, कई ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित