जगदलपुर , मार्च 24 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के बोधघाट थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10.36 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 5.18 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार थाना बोधघाट को सोमार को को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति नए बस स्टैंड जगदलपुर के पीछे खड़े हैं और उनके पास एक नीले रंग का पिट्ठू बैग है, जिसमें अवैध गांजा रखकर वे परिवहन करने के लिए बस का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर ने अपनी टीम के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम को देखकर दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मोहम्मद नासिर (40) पिता मोहम्मद उमर निवासी सादरा सक्योलर रोड, थाना शहादरा, दिल्ली और मुकेश कुमार (26) पिता कचरा राम निवासी रावर विलाडा, थाना कपेड़ा, जिला जोधपुर, राजस्थान के रूप में बताई। तलाशी के दौरान नीले बैग से भूरे सेलो टेप में लिपटे तीन पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 10.36 किलोग्राम गांजा था।

आरोपियों के पास मादक पदार्थ रखने, परिवहन और बिक्री का कोई वैध दस्तावेज नहीं था। इसके आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ii)(बी) के तहत अपराध मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें उसी दिन न्यायिक रिमांड के लिए विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक ललित नेगी, प्रमोद ठाकुर, लोकेश्वर नाग, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, सुनील मनहर, पवन श्रीवास्तव तथा आरक्षक भैरव सिन्हा, कामदेव दर्रो, मानकू कोर्राम, विजय तिर्की, अवतार पटेल, थानेंद्र सिन्हा, होरी लाल आर्यों, परमानंद भोयर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित