जगदलपुर , मई 15 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 18 और 19 मई को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ के बस्तर प्रवास को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक में उनके भव्य स्वागत और दौरे से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप की उपस्थिति में आयोजित बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। नेताओं ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव से क्षेत्र को मुक्त कराने की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों के बाद यह गृह मंत्री का बस्तर का प्रथम महत्वपूर्ण दौरा है।

बैठक में बताया गया कि इस अवसर पर चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है। भाजपा नेताओं ने इसे बस्तर के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि अब क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का समय है।

श्री किरण सिंह देव ने कहा कि गृह मंत्री के आगमन को लेकर सभी स्तरों पर व्यापक और सुव्यवस्थित तैयारियां की जा रही हैं। वहीं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह दौरा बस्तर के भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण अवसर है।

बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों पर सजावट, ध्वज, होर्डिंग्स एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जिला भाजपा अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, महापौर संजय पाण्डेय सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित