रायपुर , अगस्त 04 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद महेश कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति बस्तर के विकास की नहीं, बल्कि उसके खून की राजनीति रही है। उन्होंने कहा कि अब बस्तर भय, बंदूक और हिंसा की पहचान से निकलकर विकास, विश्वास, सुरक्षा और सुशासन की नई पहचान बना रहा है।
श्री कश्यप ने प्रदेश कांग्रेस की ओर से किए गए ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने दशकों तक बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों को विकास से वंचित रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंचाई गईं, क्योंकि विकास होने से उनकी कथित विफलताएं उजागर हो जातीं।
भाजपा सांसद ने कहा कि सिलगेर-तुमलपाड़-पूवर्ती सड़क बस्तर में हो रहे बदलाव का प्रमाण है। करीब 50 किलोमीटर लंबी यह सड़क उस क्षेत्र में बनाई जा रही है, जो लंबे समय तक नक्सली कमांडर हिडमा और उसके संगठन का गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसी इलाके में नक्सलियों ने कई हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया, जिसमें सुरक्षाबलों के जवानों और आम नागरिकों की जान गई।
श्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान इस क्षेत्र में नक्सल समस्या के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई नहीं हुई और आधारभूत विकास कार्य भी आगे नहीं बढ़ पाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के साथ-साथ विकास कार्यों को गति दी है।
उन्होंने बताया कि सीमा सड़क संगठन के माध्यम से सिलगेर-तुमलपाड़-पूवर्ती सड़क का निर्माण तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि जहां पहले नक्सलियों की बंदूक की आवाज सुनाई देती थी, वहां अब विकास कार्यों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। सड़क निर्माण के साथ आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सेवाएं, स्कूल, पेयजल और सरकारी योजनाओं का विस्तार भी हो रहा है।
भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस को बस्तर में हो रहा बदलाव रास नहीं आ रहा है, इसलिए वह विकास कार्यों पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता अब समझ चुकी है कि कौन विकास के पक्ष में है और कौन विकास का विरोध कर रहा है।
श्री कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प स्पष्ट है कि बस्तर में विकास की गति नहीं रुकेगी। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और शासन की योजनाओं का विस्तार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बस्तर अब भय, बंदूक और खून की नहीं, बल्कि विकास, विश्वास, सुरक्षा और सुशासन की पहचान बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित