जगदलपुर , सितंबर 06 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग (एससी-एसटी) के सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों को सरकारी खरीद और व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से आठ सितंबर को एक दिवसीय विशेष उद्यमी जागरूकता एवं आपूर्तिकर्ता विकास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड (एनएसआईसी) के नेशनल एससी-एसटी हब कार्यालय भुवनेश्वर और इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम सुबह साढ़े नौ बजे से जगदलपुर नगर पालिक निगम स्थित वीर सावरकर कम्युनिटी हॉल में होगा।
कार्यक्रम में बस्तर के मौजूदा एवं नए आकांक्षी अजा-अजजा उद्यमियों को केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्हें केंद्र सरकार की सार्वजनिक खरीद नीतियों, व्यापारिक अवसरों, वेंडर विकास प्रक्रिया और बिजनेस लिंकेज की जानकारी दी जाएगी।
राष्ट्रीय एससी-एसटी हब भुवनेश्वर के उप महाप्रबंधक एवं प्रभारी एसके साहा ने पात्र उद्यमियों से कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र के उद्यमियों को राष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित