जगदलपुर , मई 04 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में युवाओं को भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए तैयार करने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। धरमपुरा स्थित ज्ञानगुड़ी केंद्र में अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, जगदलपुर द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण चार मई से प्रारंभ होकर चार जून तक चलेगा। एक माह के इस सघन क्रैश कोर्स में युवाओं को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से आधुनिक कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली की तैयारी कराई जा रही है।

प्रशासन द्वारा प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अनुभवी विषय विशेषज्ञों और चयनित कोचिंग संस्थानों की सेवाएं ली गई हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा के अनुरूप तैयार करना है, ताकि वे अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

इसके साथ ही इच्छुक शैक्षणिक संस्थानों को भी इस पहल से जोड़ने के लिए आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। संस्थान अपने प्रस्ताव आड़ावाल स्थित कार्यालय में या ईमेल के माध्यम से प्रस्तुत कर सकते हैं।

ज्ञानगुड़ी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में संचालित इस कार्यक्रम से बस्तर के युवाओं को सेना में भर्ती के लिए आवश्यक बौद्धिक एवं तकनीकी दक्षता हासिल करने में मदद मिलेगी। प्रशासन को उम्मीद है कि यह पहल क्षेत्र के युवाओं के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित