जगदलपुर , नवम्बर 08 -- छत्तीसगढ में बस्तर पुलिस ने सड़क सुरक्षा और मानव सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों को सम्मानित करने का एक प्रेरणादायी आयोजन किया गया। पुलिस ने शनिवार को यहां लागबाम के कोऑर्डिनेशन सेंटर में आयोजित इस समारोह में कुल 113 लोगों जिनमें 101 सड़क सुरक्षा मितान और 12 गुड सेमेरिटन को सम्मानित किया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। सम्मानित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र, बैग एवं सुरक्षा किट प्रदान की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, उप पुलिस अधीक्षक रेडियो बी.के. दास, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी डी.सी. बंजारे, यातायात प्रभारी मधुसूदन नाग, डॉक्टर वीरेंद्र सिंह ठाकुर, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉक्टर सुश्री गिरीशा, सामाजिक कार्यकर्ता योगेश मिश्रा और महेंद्र सिंह ठाकुर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, प्राथमिक उपचार और तत्काल सहायता के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई। डॉक्टर गिरीशा ने सड़क हादसे में घायल व्यक्तियों को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) देने की विधि का डेमो प्रस्तुत किया और बताया कि एम्बुलेंस या अस्पताल पहुँचने से पहले घायल की जान कैसे बचाई जा सकती है। उन्होंने अत्यधिक रक्तस्राव या अंगों की चोट के दौरान सुरक्षित बचाव की तकनीकें भी सिखाईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित