जगदलपुर , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। थाना बोधघाट की पुलिस टीम ने अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब 102.82 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 51 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मुताबिक,बोधघाट पुलिस को मंगलवार शाम मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से एक तस्कर बड़ी खेप लेकर आया है और आड़ावाल रेलवे फाटक के पास ग्राहक की तलाश में खड़ा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी. धोतरे के पर्यवेक्षण में प्रशिक्षु डीएसपी सुमित चंद्रा और थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।

टीम ने बताए गए स्थान पर नाकाबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम पवन नेताम (29) पिता मोहन नेताम, निवासी डोंगरीपारा, ग्राम तुरेनार, थाना नगरनार, जिला बस्तर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो प्लास्टिक पैकेटों में 2.58 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना बोधघाट में मादक औषधि एवं मनोरोगी पदार्थ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी पवन ने बताया कि वह यह गांजा ओडिशा के रहने वाले एक बड़े सप्लायर से लेकर आया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस की एक टीम तुरंत ओडिशा के रायगढ़ा जिले के काशीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दाबलीगुड़ा में दबिश देने पहुंची। यहां से मुख्य आरोपी सप्लायर हीरालाल नायक उर्फ कवि नाईक (40) पिता सोमनाथ नाईक को उसके घर से भारी मात्रा में गांजा बरामद होने पर गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से लगभग 100.24 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पूरे ऑपरेशन में कुल 102.82 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया।

पुलिस ने सप्लायर हीरालाल नायक के खिलाफ मामला दर्ज किया। दोनों आरोपियों को बुधवार को माननीय विशेष न्यायालय एनडीपीएस, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस सफल कार्रवाई में प्रशिक्षु डीएसपी सुमित चंद्रा, निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक ललित नेगी, लोकेश्वर नाग, सउनि सतीश श्रीवास्तव सहित थाना स्टाफ के कई अधिकारी-कर्मचारी और बस्तर फाइटर्स का विशेष योगदान रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित