नारायणपुर/रायपुर , अगस्त 12 -- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश भर में राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर निकाली जा रही तिरंगा यात्रा के तहत छत्तीसगढ़ के 'बस्तर तिरंगा यात्रा' का बुधवार को नारायणपुर से उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्वयं बाइक चलाकर यात्रा का नेतृत्व किया, उनके साथ प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा समेत अनेक भाजपा नेता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बस्तरवासी नजर आए । तिरंगा यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों, युवाओं और बाइक राइडर्स में खासा उत्साह देखने को मिला।
नारायणपुर के हाई स्कूल मैदान से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में बाइक राइडर्स के साथ महिला बाइकर्स भी तिरंगा लेकर शामिल हुईं। यात्रा की शुरुआत से पहले जनजातीय सांस्कृतिक नृत्यों की प्रस्तुति और सामूहिक जुम्बा का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
गौरतलब है कि, चार दिवसीय यह यात्रा 12 से 15 अगस्त तक बस्तर अंचल के विभिन्न जिलों से गुजरेगी। यात्रा का उद्देश्य कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे इलाकों में शांति और विकास की बदलती तस्वीर को सामने लाने के साथ युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके माध्यम से नक्सल हिंसा में शहीद हुए सुरक्षाबलों के जवानों और नागरिकों के बलिदान को भी नमन किया जा रहा है।
यात्रा के दौरान नारायणपुर जिले के धुर नक्सल इलाके मुंजमेटा, झारागांव, धौड़ाई और कन्हारगांव सहित उन स्थानों पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जहां पूर्व में बड़े नक्सली हमले या जनहानि की घटनाएं हुई थीं। इन स्थानों पर 'एक पेड़ शहीदों के नाम' पहल के तहत पौधारोपण भी किया गया।
यात्रा के दौरान शहीदों की स्मृति से जुड़े स्थानों की मिट्टी भी श्रद्धापूर्वक संग्रहित की जा रही है। इस मिट्टी को भविष्य में शहीदों की स्मृति में निर्मित किए जाने वाले संग्रहालय में संरक्षित करने की योजना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग और बलिदान से परिचित हो सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित