जगदलपुर , अप्रैल 23 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले स्थित कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब धान से लदी एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में ट्रक चालक और हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य सवार लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलेंग-लेम्प्स मार्ग से धान लेकर जा रही ट्रक में कुल करीब आठ लोग सवार थे। हादसे में चालक चेतन लाल ठाकुर (32) और हेल्पर संजय सेठिया (35) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित