जगदलपुर , जुलाई 07 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला सहकारी संघ मर्यादित के नवनियुक्त अध्यक्ष वेदांत दीक्षित ने मंगलवार को जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर स्थित कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में समर्थक, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर श्री दीक्षित का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
श्री दीक्षित इससे पहले भी बस्तर जिला सहकारी संघ मर्यादित के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके पूर्व अनुभव को देखते हुए उन्हें पुनः इस दायित्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पदभार ग्रहण के बाद श्री दीक्षित ने प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने तथा किसानों और प्राथमिक समितियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित