रायपुर , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बस्तर के विकास को लेकर सरकार से कई अहम मांगें की हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सभी ग्राम पंचायतों को एक-एक करोड़ रुपये देने की मांग उठाई है।
दीपक बैज ने कहा कि सरकार को बस्तर संभाग के सभी ग्राम पंचायतों को तत्काल एक-एक करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वयं यह घोषणा की थी कि जो गांव नक्सल मुक्त हो जाएंगे, उन्हें एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। ऐसे में जब सरकार यह दावा कर रही है कि बस्तर सहित पूरा प्रदेश नक्सल मुक्त हो चुका है, तो उसे अपनी घोषणा के अनुरूप सभी गांवों के लिए यह राशि जारी करनी चाहिए।
दीपक बैज ने बस्तर के विकास के लिए केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार से विशेष आर्थिक पैकेज की मांग भी की। उनका कहना है कि बस्तर को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए ठोस आर्थिक सहायता आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित रखते हुए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और वनोपज आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए। साथ ही बस्तर के युवाओं के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने की भी मांग की गई।
उन्होंने राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) का मुख्यालय बस्तर में स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैज ने कहा कि बस्तर से बड़ी मात्रा में लौह अयस्क का उत्खनन होता है और इसे देश-विदेश में भेजा जाता है, लेकिन कंपनी का मुख्यालय हैदराबाद में स्थित है। वर्तमान में बस्तर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं में सुधार हुआ है, ऐसे में एनएमडीसी का मुख्यालय यहां स्थापित करने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित