जगदलपुर , जुलाई 09 -- केंद्रीय गृह मंत्रालय की 2025 की वार्षिक रैंकिंग में बस्तर जिले के बोधघाट पुलिस थाने को छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है। बस्तर पुलिस के इतिहास में पहली बार जिले के किसी थाने को यह उपलब्धि हासिल हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय देशभर के पुलिस थानों का अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता, सामुदायिक पुलिसिंग, नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, अधोसंरचना और अभिलेखों के रखरखाव सहित विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन करता है। बोधघाट थाना इन मानकों के आधार पर राज्य में प्रथम स्थान पर रहा।
इस उपलब्धि के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम से जारी प्रशस्ति-पत्र बुधवार को बस्तर में आयोजित एक समारोह में तत्कालीन थाना प्रभारी लीलाधर राठौड़ और वर्तमान थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान को प्रदान किया गया।
समारोह में तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज, वर्तमान पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीना, पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित