जगदलपुर , अगस्त 01 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले की 12 युवतियों का चयन बेंगलुरु स्थित फॉक्सकॉन कंपनी में हुआ है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर आकाश छिकारा ने चयनित युवतियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए, जिसकी जानकारी आज दी गयी।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना तथा सहायक कलेक्टर यशवंत नायक भी उपस्थित रहे। कलेक्टर आकाश छिकारा ने चयनित युवतियों से संवाद कर चयन प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दूसरे शहर में कार्य के दौरान यदि किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो जिला प्रशासन हर संभव सहायता के लिए उपलब्ध रहेगा।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना ने युवतियों को कार्यस्थल पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ काम सीखने की सलाह दी। वहीं सहायक कलेक्टर यशवंत नायक ने आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया।

प्रशासन के अनुसार चयनित युवतियों में कुछ ने जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, जगदलपुर से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त किया है, जबकि अन्य युवतियां लाइवलीहुड कॉलेज के प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से रोजगार के इस अवसर तक पहुंची हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के महिला समूहों और प्रदान संस्था की टीम ने भी युवतियों को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जिला प्रशासन का कहना है कि बस्तर की इन बेटियों की उपलब्धि से न केवल उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी, बल्कि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित