जगदलपुर, 21 जुलाई 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले की युवा उद्यमी ग्रेसी दुग्गा ने केंद्र सरकार की नेशनल लाइव स्टॉक मिशन योजना के सहयोग से एक करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक लागत की आधुनिक सूकरपालन परियोजना स्थापित कर क्षेत्र में स्वरोजगार का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है।
पशु चिकित्सा विभाग से मंगलवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार बकावंड विकासखंड के किंजोली गांव निवासी तथा बीएससी एग्रीकल्चर स्नातक ग्रेसी दुग्गा ने पारंपरिक रोजगार के बजाय व्यावसायिक सूकरपालन को अपनाते हुए आधुनिक फार्म की स्थापना की। उन्होंने बस्तर क्षेत्र में सूकर मांस की बढ़ती मांग और व्यावसायिक स्तर पर उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए यह परियोजना शुरू की।
विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन में तैयार इस परियोजना की कुल लागत एक करोड़ 12 लाख 10 हजार रुपये है। नेशनल लाइव स्टॉक मिशन योजना के तहत परियोजना स्वीकृत होने पर अनुसूचित जनजाति वर्ग की हितग्राही के रूप में उन्हें 30 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। विभाग का कहना है कि इस सहायता से आधुनिक आधारभूत संरचना के साथ बड़े पैमाने पर फार्म स्थापित करना संभव हो सका।
जानकारी के अनुसार फार्म की शुरुआत मई 2025 में 100 मादा और 10 नर सहित कुल 110 उन्नत नस्ल के सूकरों से की गई थी। इन पशुओं को तमिलनाडु से लाया गया तथा पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की देखरेख में उनका पालन, टीकाकरण और प्रबंधन किया गया। जून 2026 तक फार्म में 202 वयस्क प्रजनन योग्य सूकर और 206 पिगलेट्स सहित कुल 400 से अधिक सूकर हो चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित