जगदलपुर , अक्टूबर 01 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले बस्तर ओलंपिक 2026 के तीसरे संस्करण के लिए पंजीयन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई। खिलाड़ी 01 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक अपना पंजीयन करा सकेंगे, जबकि विकासखंड स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत नवंबर में होगी।

बस्तर ओलंपिक में इस बार 11 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, फुटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और कराटे समेत विभिन्न खेल शामिल हैं। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं हिस्सा ले सकेंगे, जबकि सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को भाग लेने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिताओं को विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 01 से 13 नवंबर तक होंगी। इसके बाद 16 से 25 नवंबर तक जिला स्तर पर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। अंतिम चरण में संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 07 से 11 दिसंबर तक आयोजित होंगी।

बस्तर ओलंपिक के पिछले दो संस्करणों में खिलाड़ियों की भागीदारी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले संस्करण में 1.65 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जबकि दूसरे संस्करण में यह संख्या बढ़कर 3.91 लाख पहुंच गई थी। अब तीसरे संस्करण के माध्यम से भी स्थानीय युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित