सुकमा , अक्टूबर 21 -- छत्तीसगढ़ शासन के बहुप्रतीक्षित बस्तर ओलंपिक 2026 के आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह देखा जा रहा है। "हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान" थीम पर आयोजित होने वाले इस खेल महोत्सव में बस्तर संभाग की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के लिए पंजीयन की प्रक्रिया 30 अक्टूबर तक जारी रहेगी। सुकमा जिले में अब तक 36,224 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।
जिले में विकासखंडवार पंजीयन के आंकड़ों के अनुसार, सुकमा विकासखंड से 14,489 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। वहीं, छिंदगढ़ विकासखंड से 11,545 और कोंटा विकासखंड से 10,190 खिलाड़ी पंजीकृत हुए हैं। खिलाड़ियों की भागीदारी से जिले में बस्तर ओलंपिक को लेकर उत्साह का माहौल है।
बस्तर ओलंपिक में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, वॉलीबॉल और खो-खो सहित कुल 11 खेल विधाओं में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के जूनियर खिलाड़ियों के साथ सीनियर महिला एवं पुरुष वर्ग के प्रतिभागी भी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता का पहला चरण 1 से 13 नवंबर तक विकासखंड स्तर पर आयोजित होगा। इसके बाद 16 से 25 नवंबर तक जिला स्तरीय मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता का अंतिम चरण 7 से 11 दिसंबर तक संभाग स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित