कौशांबी , फरवरी 25 -- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) विधायक उमाशंकर सिंह की कंपनी छात्रशक्ति इंफ्रा लिमिटेड के कार्यालय पर बुधवार को आयकर विभाग के अधिकारियों ने छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई कई घंटे तक चलती रही। सूत्रों के अनुसार सराय अकिल थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में उमाशंकर सिंह का गिट्टी और बालू मिक्सिंग प्लांट संचालित है, जिसकी देखरेख प्रोजेक्ट मैनेजर वरुण सिंह करते हैं। बताया गया है कि कौशांबी बौद्ध स्थल तक 42 किलोमीटर सड़क निर्माण का टेंडर उनकी कंपनी को मिला हुआ है।

बुधवार को आधा दर्जन वाहनों से पहुंचे आयकर विभाग के अधिकारियों ने जयंतीपुर स्थित प्लांट और संबंधित कार्यालय में गहन छानबीन की। सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान प्लांट परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने दिया गया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें इस कार्रवाई की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित