लखनऊ , अप्रैल 22 -- उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने, जनाधार बढ़ाने और आगामी चुनावों की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह वर्तमान में पार्टी कार्यों के सिलसिले में दिल्ली में हैं और कार्य पूर्ण होते ही शीघ्र ही लौटेंगी।

मायावती ने 31 मार्च 2026 को लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि उसमें संगठन विस्तार, कैडर मजबूती, आर्थिक संसाधनों को सुदृढ़ करने और विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों को लेकर जो दिशा-निर्देश दिए गए थे, उन पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अमल सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रदेशभर में आयोजित बैठकों के दौरान बसपा सरकार में कराए गए विकास कार्यों और जनहित योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बने कई एक्सप्रेस-वे और नोएडा में विकसित हो रहा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा जैसी परियोजनाओं की परिकल्पना बसपा शासनकाल में ही की गई थी।

बसपा प्रमुख ने "कानून द्वारा कानून का राज" तथा "सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय" की नीति को प्रदेश के समुचित विकास और बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए आवश्यक बताया और कार्यकर्ताओं से इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने 22 फरवरी 2026 को लखनऊ में आयोजित ऑल इंडिया बैठक का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उसमें पार्टी और मूवमेंट के हित में दिए गए दिशा-निर्देशों को भी समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।

मायावती ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर पार्टी का रुख दोहराते हुए कहा कि 15 अप्रैल 2026 को मीडिया में जो आधिकारिक स्टैंड रखा गया था, उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि इस विषय पर भ्रम की स्थिति न बनने दें और सही जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित