सुलतानपुर , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने आज कहा कि प्रदेश में पिछड़ा वर्ग सामाजिक भाईचारा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में संगठन की मजबूती के लिए बैठकें की जा रही हैं ताकि 2027 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को सत्ता में वापस लाया जा सकें।
यहां पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बड़ी बैठक में भाग लेने आए श्री विश्वनाथ पाल ने बताया कि पार्टी मुखिया मायावती के निर्देशों पर पूरे प्रदेश में ऐसी बड़ी बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि ओबीसी और अन्य पिछड़े समाजों को बसपा द्वारा किए गए कार्यों के प्रति जागरूक किया जा सके और पार्टी मजबूत होकर चुनावी माहौल बसपा के पक्ष में कर सकें।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए सरकार पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहाकि "चोरी चाहे आपके घर हो या हमारे, यहाँ तो भगवान के घर ही चोरी हो गई। अगर सरकार भगवान का घर भी सुरक्षित नहीं रख पा रही है, तो वह आखिर क्या कर रही है, इस पर ध्यान देने की जरूरत है।"उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बैठक किसी विशेष सुरक्षित सीट के लिए नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में ओबीसी सामाजिक भाईचारा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार बसपा के बढ़ते जनाधार को देखकर घबरा गई है। इसी घबराहट के चलते बसपा के जिला संयोजकों और कार्यकर्ताओं को 'हाउस अरेस्ट' (नजरबंद) कर दिया गया था।
श्री विश्वनाथ पाल ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर पहले कप्तान से बात करने की कोशिश की, लेकिन वे व्यस्त रहे। बाद में उन्होंने डीआईजी से संपर्क किया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं को रिहा किया गया। उन्होंने इस घटना को लोकतंत्र के लिए बेहद दुखद बताया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सर्वेंद्र अंबेडकर, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अमेठी एवं जिला संयोजक नन्हे सिंह चौहान, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी उदयराज वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश गौतम, दीपक भारती, वरिष्ठ बसपा नेता अली रिजवान राणा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अजीत कुमार विक्की सहित पिछड़ा वर्ग के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर पिछड़े वर्ग के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अन्य दलों को छोड़कर बसपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नवागतों को पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित