भदोही , जनवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सेमराधनाथ गंगा घाट पर शुक्रवार को हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान कर आध्यात्मिक शुद्धि प्राप्त की।

काशी-प्रयाग व विंध्य पर्वत मालाओं के बीच पतित पावनी मां गंगा के तट स्थित सेमराधनाथ घाट पर शुक्रवार को हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान कर आध्यात्मिक शुद्धि प्राप्त की। गुरुवार की अर्धरात्रि की बाद से गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का शुरू हुआ सिलसिला बसंत पंचमी के दिन शुक्रवार की दोपहर तक जारी रहा। जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान ध्यान कर इच्छित कामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।

प्रमुख ज्योतिषाचार्य पंडित मिथिलेश उपाध्याय ने बताया कि माघ मास में बसंत पंचमी पर स्नान का विशेष महत्व है। पंचमी पर 'अमृत स्नान' करने से सभी पाप धुल जाते हैं व आध्यात्मिक शुद्धि के साथ ज्ञान, सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। मां सरस्वती की कृपा बरसती है व बुद्धि और विवेक की वृद्धि होती है। यह स्नान मोक्ष प्राप्ति और पितरों की शांति का भी मार्ग प्रशस्त करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित