धार , जनवरी 13 -- आगामी बसंत पंचमी पर्व को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट करने के लिए मंगलवार को इंदौर रेंज के आईजी अनुराग सिंह धार पहुंचे। उन्होंने पुलिस नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने भोजशाला सहित परिसर में की गई अब तक की तैयारियों का प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया।

प्रेजेंटेशन के अनुसार भोजशाला सहित पूरे परिसर को पांच सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में एसडीओपी से लेकर डीएसपी रैंक के अधिकारियों को प्रभारी के रूप में तैनात किया जाएगा। शोभायात्रा मार्ग पर स्थित हाईराइज भवनों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जो सीधे कंट्रोल रूम के संपर्क में रहेगा, ताकि किसी भी सूचना पर तीन से पांच मिनट में पुलिस बल मौके पर पहुंच सके।

बैठक के बाद आईजी अनुराग सिंह पुलिस अधिकारियों के साथ भोजशाला परिसर पहुंचे और पर्व के दिन आने वाले श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकासी मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी तीन दिनों में बैरिकेडिंग पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस पूरे मार्ग पर हर पांच से सात मीटर की दूरी पर पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। आईजी ने भोजशाला के पिछले मार्ग पर विशेष सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही नगर पालिका को भोजशाला के आसपास अस्थायी अतिक्रमण कर लगाई गई गुमटियां और ठेले हटाने के निर्देश दिए गए हैं। संभावना है कि 18 जनवरी के बाद भोजशाला की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी आईजी से लेकर डीआईजी ग्रामीण स्तर तक सौंपी जाएगी।

प्रशासन की सक्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पर्व की शुरुआत में अभी लगभग 10 दिन शेष हैं, लेकिन शहर में सुबह और शाम करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती अभी से कर दी गई है। शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है। पुलिस अधिकारी शहर सहित आसपास के 30 किलोमीटर क्षेत्र में जनसंवाद कर बैठकें ले रहे हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस फ्लैग मार्च निकाल रही है, ताकि बाहर से आने वाले पुलिस बल को क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी मिल सके।

बैठक और निरीक्षण के बाद मीडिया से चर्चा में आईजी अनुराग सिंह ने बताया कि सुरक्षा को लेकर पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 8 हजार पुलिस बल की तैनाती का प्लान तैयार किया गया है। यह बल तीन से चार चरणों में तैनात होगा। पहले चरण में करीब 500 जवान पहुंच चुके हैं, इसके बाद 15 जनवरी, 18 जनवरी और 20 जनवरी को शेष बल आ जाएगा। उन्होंने बताया कि बाहरी क्षेत्रों में मोबाइल पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी। सुरक्षा में रैपिड एक्शन फोर्स और सीआरपीएफ के जवान भी तैनात किए जाएंगे, ताकि हर गतिविधि पर पुलिस की कड़ी नजर बनी रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित