देहरादून/पौड़ी , अप्रैल 03 -- उत्तराखंड के वीआईपी कहे जाने वाले पौड़ी गढवाल जिला मुख्यालय में जेल गदेरे के समीप एक समुदाय विशेष के युवा से हुए विवाद के बाद शुक्रवार को व्यापार सभा के आह्वान पर शहर के सभी बाजार पूरी तरह बंद रहे। जबकि आक्रोशित महिलाओं ने जुलूस निकालकर रोष व्यक्त किया।
बाजार बन्द के आह्वान के बाद आज सुबह से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल शहर में तैनात रहा। इससे पहले गुरुवार को घटना के बाद भी जनता का आक्रोश देखते हुए पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार की अगुवाई में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। जबकि आज सुबह भी फ्लैग मार्च किया गया। जिले में समाचार लिखने तक स्थिति तनावपूर्ण मगर शांति है। गुड फ्राइडे के कारण सरकारी दफ्तर और स्कूल बन्द रहने से आवाजाही पहले ही कम थी। जबकि बाजार बन्द होने से शहर की सड़कें पूरी तरह सुनसान हो गईं।
पौड़ी व्यापार संघ के अध्यक्ष विनय शर्मा ने बताया कि व्यापारी वर्ग शहर में शांति व्यवस्था का पक्षधर है। इस दौरान स्टेशन और बाजार की सहित अन्य जगहों पर अधिकतर दुकानें बंद रही है। हालांकि कुछ दुकानें खुली भी थी। पौड़ी के क्षेत्रीय अधिकारी तुषार बोरा ने बताया है कि पुलिस शहर में शांति व्यवस्था के मद्देनजर गश्त कर रही है। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित