चंडीगढ़ , सितंबर 6 -- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को हरियाणा के बवानी खेड़ा की अनाज मंडी में आयोजित 'विकास संकल्प जनसभा' में क्षेत्र के विकास के लिए विधायक कपूर वाल्मीकि की मांगों से आगे बढ़कर करोड़ों रुपये की कई नयी परियोजनाओं की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बवानी खेड़ा को उपमंडल का दर्जा देने की वर्षों पुरानी मांग पर कहा कि डिलिमिटेशन का काम पूरा होते ही वर्ष 2028 में बवानी खेड़ा को उपमंडल का दर्जा दिया जाएगा। घोषणा का जनसभा में उपस्थित लोगों ने तालियों और जयकारों के साथ स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि बवानी खेड़ा के 50 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल का विस्तार कर 50 करोड़ रुपये की लागत से नया भवन और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। रेवाड़ी खेड़ा में 16.50 करोड़ रुपये से 33 केवी सब स्टेशन बनाया जाएगा और खरक कलां में महिला कॉलेज का भवन तैयार किया जाएगा। जमीन उपलब्ध होने पर बवानी खेड़ा में नई सब्जी मंडी भी बनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बलियाली और जमालपुर में 90-90 लाख रुपये से ग्राम सचिवालय, बड़सी गुजरान और सैय में 90-90 लाख रुपये से बहुउद्देशीय हॉल बनाने की घोषणा की। कलिंगा में 85 लाख रुपये से महाराणा प्रताप कम्युनिटी सेंटर, मढ़ाणा में 1.75 करोड़ और मुंढाल कलां में 80 लाख रुपये से कम्युनिटी सेंटर बनाए जाएंगे।
सिरसा घोघड़ा में 19 लाख रुपये से पार्क, कलिंगा में 24.47 करोड़ रुपये से जलघर का पुनर्निर्माण एवं विस्तार तथा जाटू लोहारी में भूमि उपलब्ध होने पर स्टेडियम बनाने की घोषणा की गई। तिगड़ाना और धनाना में 50-50 लाख रुपये से खेल सुविधाएं विकसित होंगी।
बवानी खेड़ा में एक करोड़ रुपये की ई-लाइब्रेरी, दो करोड़ रुपये से महर्षि वाल्मीकि भवन, 50 लाख रुपये से महात्मा ज्योतिबा फुले भवन, 5 करोड़ रुपये से नगर पालिका कार्यालय, 15 करोड़ रुपये से महर्षि वाल्मीकि स्टेडियम और 10 करोड़ रुपये से लोक निर्माण विभाग का नया रेस्ट हाउस बनाने की भी घोषणा की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित