नयी दिल्ली , फरवरी 15 -- दिल्ली पुलिस ने रविवार को बाहरी उत्तरी दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में एक व्यवसायी की नौ फरवरी को की गयी हत्या के सिलसिले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर दिन में कुछ संदिग्धों को रोककर आत्मसमर्पण करने को कहा गया तो उन्होंने कथित तौर पर गोलियां चला दीं। आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गयी।"पैर में गोली लगने की वजह से एक आरोपी घायल हो गया। बाद में पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान तीन संदिग्धों को पकड़ा गया, जबकि अन्य दो को बाद में दबोचा गया। इस मामले में कुल पांच गिरफ्तारियां की गयी हैं। इस कार्रवाई के दौरान कोई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है।

प्लास्टिक के दाने बनाने वाले वैभव गांधी की नौ फरवरी को दोपहर करीब 12.50 बजे डीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-4 में उनके कारखाने के पास गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।

जांचकर्ताओं ने बताया कि हमले में चार लोग शामिल थे। हमलावरों ने कथित तौर पर पीड़ित की कार की चाबियां छीनने की कोशिश की और जब उसने विरोध किया तो जबरदस्ती उसका लैपटॉप बैग ले लिया और फिर उसे गोली मार दी। कथित तौर पर रणदीप मलिक अनिल पंडित नामक अकाउंट से पोस्ट किया गया कि यह हत्या लॉरेंस बिश्नोई गिरोह, जितेंद्र गोगी मान गिरोह, हाशिम बाबा गिरोह और काला राणा गिरोह सहित कई गिरोहों की ओर से की गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित