बलौदाबाजार , मई 29 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10.204 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लवन थाना क्षेत्र में वाहन जांच और निगरानी अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से गांजा लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक पल्सर बाइक को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पिट्ठू बैग से 10.204 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा के अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम छांछी निवासी 25 वर्षीय लखन वर्मा और 23 वर्षीय मुकेश कुमार ध्रुव के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित