बलौदाबाजार , जून 22 -- छत्तीसगढ़ में बलौदाबाजार जिले के सोनाखान चौकी क्षेत्र अंतर्गत महकम गांव में सोमवार को एक तेंदुआ घर की बाड़ी में घुस गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
वन विभाग के अनुसार महकम गांव निवासी सुनील साहू के घर की बाड़ी में तेंदुआ छिपा हुआ देखा गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम तथा बिलासपुर से विशेष रेस्क्यू दल को बुलाया गया।
डॉ. चंदन वर्मा के नेतृत्व में वन विभाग और रेस्क्यू दल ने संयुक्त अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद तेंदुए को ट्रेंकुलाइजर गन की सहायता से बेहोश कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे पिंजरे में रखकर उपचार के लिए भेजा गया।
चिकित्सकों ने बताया कि तेंदुए की हालत गंभीर है, इसलिए उसे निगरानी में रखकर उपचार किया जा रहा है उसके बाद उसे रायपुर जंगल सफारी में रखा जाएगा।
तेंदुए के गांव में घुसने की घटना से कुछ समय तक ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहा, हालांकि सफल रेस्क्यू अभियान के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित