रायपुर , अगस्त 21 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में पहल तेज हो गई है। राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने नयी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव पर चर्चा की और शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया।
श्री वर्मा ने मुलाकात के दौरान जिले में केंद्रीय विद्यालय की आवश्यकता और इससे स्थानीय विद्यार्थियों को होने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूसरे जिलों और बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना होने से विद्यार्थियों को अपने ही जिले में बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पर जल्द निर्णय लिए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जिले में लंबे समय से की जा रही केंद्रीय विद्यालय की मांग पूरी होने की उम्मीद बढ़ गई है।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर केंद्र सरकार के स्तर पर सकारात्मक चर्चा हुई है और जल्द निर्णय का आश्वासन मिला है।
राज्य सरकार ने विद्यालय के प्रारंभिक संचालन के लिए अस्थायी भवन की व्यवस्था के साथ भविष्य में स्थायी भवन निर्माण के लिए भूमि चिह्नित और आरक्षित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
सरकार का मानना है कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर का शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा और जिले में शिक्षा संबंधी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित