बलौदाबाजार , जुलाई 26 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग (आईटी) की टीम ने रविवार तड़के कारोबारी राजकुमार सराफ के आवास एवं प्रतिष्ठान पर संयुक्त कार्रवाई की। अधिकारियों की जांच अब भी जारी है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नगर के गौरव पथ स्थित राजकुमार सराफ के मकान और कारखाने में ईडी एवं आयकर विभाग के अधिकारियों ने दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान परिसर के बाहर स्थानीय पुलिस बल तैनात किया गया है।

बताया जाता है कि राजकुमार सराफ पीतल के कारोबार के अलावा निर्माण क्षेत्र से भी जुड़े हैं। हालांकि, जांच एजेंसियों ने कार्रवाई के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। परिसर से बाहर आए अधिकारियों ने भी इस संबंध में टिप्पणी करने से इनकार किया।

स्थानीय स्तर पर कार्रवाई को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन ईडी अथवा आयकर विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारण और उससे जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित