बलौदाबाजार , जुलाई 30 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में दिनदहाड़े हुई ज्वेलरी लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने आज खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार, वाहन, नकदी और जेवर समेत करीब 26 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम रोहरा के पास दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी से चार नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने 13 किलो चांदी, 70 ग्राम सोना और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तरेंगा, बेमेतरा, मुंगेली, तखतपुर, बिलासपुर और रतनपुर समेत कई क्षेत्रों के 1000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर सेल ने एआई आधारित वीडियो एनालिटिक्स और डेटा विश्लेषण तकनीक की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक पिस्तौल, एक देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, एक तलवार, महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन, दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, नकदी और करीब एक लाख रुपये मूल्य के चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अंतरराज्यीय स्तर के शातिर अपराधी हैं, जिनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 100 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने वर्ष 2022 और 2024 में भाटापारा क्षेत्र के दो अन्य ज्वेलर्स के यहां हुई लूट की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित