बलौदाबाजार , जून 16 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के खर्वे गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों की जांच के तहत मंगलवार को छह शवों को कब्र से निकालकर फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एसडीओपी, फॉरेंसिक जांच दल तथा पुलिस विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।

पुलिस के अनुसार ग्रामीणों द्वारा व्यक्त किए गए संदेह के आधार पर यह कार्रवाई की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में शराब में जहर जैसे कुछ पदार्थ मिलाकर लोगों को पिलाया जा रहा है जिसके कारण लगातार मौतें हो रही हैं। ग्रामीणों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर लोगों को शराब पिलाने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, खर्वे गांव में फरवरी से लेकर 15 मई तक कुल आठ लोगों की मौत हुई है। इन मौतों को लेकर ग्रामीणों ने संदेह जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और फॉरेंसिक परीक्षण की मांग की थी।

इसी क्रम में शनिवार को भी एक शव को कब्र से निकालकर जांच के लिए भेजा गया था। मंगलवार को छह अन्य शवों को भी दफन स्थल से निकालकर आवश्यक फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा गया।

अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित