क्वेटा , अगस्त 14 -- बलोच नेता मीर यार बलोच ने दुनिया भर के बलोच लोगों से पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस 14 अगस्त का बहिष्कार करने और इस दिन को 'काला दिवस' के रूप में मनाने का आह्वान किया है।

पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस समारोहों के बड़े पैमाने पर बहिष्कार का आह्वान करते हुए मीर यार बलोच ने बलोच लोगों से कहा कि वे इस क्षेत्र में इस्लामाबाद के नियंत्रण के प्रतीकात्मक विरोध के तौर पर काले झंडे फहरायें और काली पट्टी बांधें।

उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान का 9,000 साल पुराना अलग इतिहास और सांस्कृतिक पहचान है जो पाकिस्तान से पूरी तरह अलग है। उन्होंने पाकिस्तान को एक बनावटी रचना बताया, जिसे ब्रिटिश औपनिवेशिक बंटवारे की पृष्ठभूमि में बनाया गया था।

इस बीच बलोच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) विद्रोहियों ने भी दुनिया भर के बलोच लोगों से पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस को 'काला दिवस' के रूप में मनाने का आह्वान किया है। उन्होंने पूरे क्षेत्र के लोगों से स्वतंत्रता दिवस के सभी समारोहों का बहिष्कार करने तथा पाकिस्तानी सरकार की क्रूरता, बलोच लोगों के दमन और मानवाधिकारों के कई उल्लंघनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का आग्रह किया।बीएलए ने इस दिन को 'गुलामी का प्रतीक' बताया है और पाकिस्तानी सरकार एवं सेना के खिलाफ प्रदर्शन करने की बात कही है, ताकि इस मौके का इस्तेमाल क्षेत्र में इस्लामाबाद के नियंत्रण के खिलाफ अपना विरोध जताने के लिए किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित