हरिद्वार , जुलाई 17 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के बलराम घाट स्थित सप्तऋषि क्षेत्र में शुक्रवार को गंगा स्नान के दौरान हरियाणा के गुरुग्राम निवासी एक किशोर तेज जलधारा में बहकर लापता हो गया।
सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने मौके पर पहुंचकर गहन सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।
आपदा कंट्रोल रूम से मिली सूचना के अनुसार दीपांशु (16), पुत्र सुनील कुमार, निवासी जाटौली, जिला गुरुग्राम (हरियाणा), बलराम घाट पर गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नदी में लापता हो गया।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक आशीष त्यागी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम डीप डाइविंग और अन्य अत्याधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने नदी के संभावित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाया, लेकिन गंगा के अत्यधिक तेज जलप्रवाह के कारण देर शाम तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका।
एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि किशोर की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। नदी के बहाव और परिस्थितियों को देखते हुए संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गंगा में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतने तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित