बलरामपुर, सितम्बर 23 -- उत्तर प्रदेश में बलरामपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान डीजे की तेज ध्वनि के दौरान हुई एक मासूम छात्रा की मृत्यु के मामले में बुधवार को एसपी ने डीजे संचालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करवाने के साथ लापरवाही के आरोप में चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के अनुसार,नगर क्षेत्र में गणेश प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा में म्युजिक सिस्टम के शोर से डिवाइन पब्लिक स्कूल में कक्षा दो की सात वर्षीय छात्रा वैष्णवी तिवारी की हुई आकस्मिक मृत्यु के मामले में विद्यालय के प्रबंधक आशीष कुमार उपाध्याय की तहरीर पर आरोपी डीजे संचालक चंद्रप्रकाश वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में प्रथमदृष्टया दोषी पाये गये मेवालाल चौकी प्रभारी शैलेन्द्र कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिये है। इसके अलावा नगर कोतवाल संतोष मिश्रा में स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है।आरोपी डीजे संचालक को गिरफ्तार कर उपकरणों को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित