बलरामपुर , अगस्त 01 -- उत्तर प्रदेश में बलरामपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के झौहना गांव के गोसाईपुरवा में शुक्रवार देर शाम एक ही परिवार के चार सदस्यों के रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई।
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि झौहना गांव निवासी बजरंग गिरि (28) ने पहले अपनी पत्नी कोमल (25), बेटी श्रद्धा (3) और 10 माह के बेटे जयदीप को गोली मार दी, जिसके बाद उसने स्वयं को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
उन्होंने बताया कि घटना की पुष्टि मृतक बजरंग गिरि के मोबाइल फोन से मिले एक वीडियो क्लिप से हुई है, जिसे पुलिस ने सुरक्षित कर लिया है। दोपहर करीब 3:10 बजे रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में बजरंग ने अपने परिवार की हत्या करने और स्वयं आत्महत्या करने की बात कही है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक .315 बोर का तमंचा तथा एक 12 बोर का हथियार बरामद किया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए और विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
एएसपी ने बताया कि चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित